Bihar: राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, चालक की मौत; दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल
Bihar: हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई के कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल महिलाओं को तत्काल एंबुलेंस से सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार एक महिला की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जबकि दूसरी खतरे से बाहर बताई जा रही है।
विस्तार
रोहतास जिले के दरिगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों का इलाज सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
मृतक की पहचान बक्सर जिले के डुमरांव निवासी भीरून यादव के 28 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार यादव के रूप में हुई है। घायल महिलाओं में उसकी पत्नी 26 वर्षीय संगीता कुमारी और 21 वर्षीय रोशनी कुमारी शामिल हैं।
ताराचंडी धाम से लौटते वक्त हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार राजेश कुमार अपनी पत्नी और एक अन्य महिला रिश्तेदार के साथ ताराचंडी धाम से दर्शन कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान दरिगांव थाना क्षेत्र के कोटा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राजेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पढ़ें: भारत गौरव ट्रेन से दक्षिण भारत के तीर्थ स्थलों की दिव्य यात्रा, भागलपुर से होगी शुरू; जानें सबकुछ
दोनों घायलों की हालत गंभीर
हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई के कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल महिलाओं को तत्काल एंबुलेंस से सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार एक महिला की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जबकि दूसरी खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मौके से फरार हुआ ट्रक चालक, पुलिस कर रही जांच
इधर घटना की सूचना मिलते ही दरिगांव थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।