पूरे देश में ईद उल फितर का पर्व हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में भी शहर से लेकर गांव तक ईद की धूम रही। मुस्लिम समुदाय के लोग सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों की ओर रवाना हुए और नमाज अदा की।
EID 2025: मुजफ्फरपुर में दिखी ईद की रौनक, बड़ी ईदगाह में उमड़ा नमाजियों का सैलाब, अमन-चैन की मांगी दुआ
EID 2025: मुजफ्फरपुर में ईद की रौनक दिखी, जहां धूमधाम से त्योहार को मनाया गया। कई मस्जिदों समेत बड़ी ईदगाह में नमाजियों का सैलाब उमड़ पड़ा। सभी नमाजियों ने अमन-चैन की दुआ मांगी।
यह भी पढ़ें- Mubarak Eid Mubarak :धूमधाम से मनाया जा रहा ईद, सीएम ने दी बधाई, कहा- आपसी प्रेम एवं भाईचारा के साथ मनायें
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
ईद को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। जिले के 350 से अधिक चौक-चौराहों पर मजिस्ट्रेट तैनात थे, वहीं हजारों पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया था। डीएसपी टाउन-1 सीमा देवी और डीएसपी टाउन-2 बिनीता सिन्हा ने खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पूरे शहर में पुलिस गश्त करती रही। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए कई संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी गई।
बड़ी ईदगाह में उमड़ी भीड़, बच्चों में दिखी खास खुशी
सुबह 8:15 बजे बड़ी ईदगाह पीएनटी चौक पर ईद की नमाज अदा की गई। हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग अपने परिजनों के साथ पहुंचे और खुदा की बारगाह में सजदा किया। इस मौके पर बच्चे भी नए-नए कपड़ों में ईदगाह पहुंचे और नमाज अदा करने के बाद बड़े उत्साह से एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। ईद की खुशियों में शरीक होने के लिए अन्य समुदाय के लोग भी वहां पहुंचे और गले मिलकर ईद की बधाई दी। शहर की कंपनी बाग स्थित जामा मस्जिद, ब्रह्मपुरा की नूरी मस्जिद सहित विभिन्न इलाकों की मस्जिदों और ईदगाहों में भी सैकड़ों लोगों ने नमाज अदा की और एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
साफ-सफाई और सुविधाओं का रखा गया विशेष ध्यान
ईद के मौके पर नगर निगम और जिला प्रशासन ने विशेष तैयारियां की थीं। साफ-सफाई और पानी की व्यवस्था को लेकर खास ध्यान दिया गया। बड़े मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास सफाईकर्मियों को तैनात किया गया था, ताकि कोई परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें- Murder Case :घर से बुलाकर अपराधियों ने मार दी गोली, 16 साल की सजा काटकर आया था जेल से बाहर
नेताओं ने दी बधाई, प्रेम और भाईचारे का संदेश
ईद के इस पावन अवसर पर राजनीतिक दलों के कई नेता भी शामिल हुए और लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। प्रदेश कांग्रेस नेता मयंक कुमार मुन्ना, बीजेपी के जिला अध्यक्ष विवेक कुमार सहित कई गणमान्य लोग ईदगाह पहुंचे और मुस्लिम भाइयों को गले मिलकर बधाई दी। सभी ने समाज में भाईचारा, प्रेम और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।