Bihar News: बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े दूध व्यवसायी को मारी गोली, हालत नाजुक; पुलिस जांच में जुटी
Bihar: अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान घायल ने आरोप लगाया कि उसे गंगा बिगहा गांव के मुनजी कुमार ने गोली मारी है। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। स्थानीय लोग इसे कुछ दिन पहले क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद से जोड़कर देख रहे हैं।
विस्तार
औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के सदीपुर गांव के पास मंगलवार को बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े एक दूध व्यवसायी को गोली मार दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए पहले ओबरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया। घायल व्यवसायी की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के गोरतारा गांव निवासी प्रिंस कुमार (35 वर्ष) के रूप में हुई है।
अपराधियों ने पीछे से मारी गोली
जानकारी के अनुसार, प्रिंस अपने घर से दूध लेकर ओबरा बाजार जा रहा था। इसी दौरान जैसे ही वह सदीपुर-डिहरी गांव के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसका पीछा किया और पीछे से दो गोलियां मार दीं। दोनों गोलियां पीठ को छेदते हुए पेट से आर-पार हो गईं। गोली लगने से वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर बताई और हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पढे़ं: सीवान में एनडीआरएफ ने दिया आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, कई विभागों ने लिया हिस्सा
विवाद और आरोप
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान घायल ने आरोप लगाया कि उसे गंगा बिगहा गांव के मुनजी कुमार ने गोली मारी है। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। स्थानीय लोग इसे कुछ दिन पहले क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं पैसों के लेन-देन की बात भी सामने आ रही है। ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि पुलिस दुश्मनी, लेन-देन और अन्य विवादों समेत सभी एंगल से जांच कर रही है। जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।