Bihar News: सीवान में एनडीआरएफ ने दिया आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, कई विभागों ने लिया हिस्सा
Bihar: एनडीआरएफ प्रशिक्षकों ने हार्ट अटैक, बाढ़ में डूबने, सड़क दुर्घटना और अन्य आपात स्थितियों में प्राथमिक उपचार और तत्काल कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही दुर्घटना के समय उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर जीवन बचाने की तकनीकों को भी रोचक ढंग से समझाया।
विस्तार
समाहरणालय सभागार में मंगलवार को आपदा प्रबंधन शाखा द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नवमी वाहिनी एनडीआरएफ की टीम ने फैमिलियराइजेशन एक्सरसाइज से संबंधित महत्वपूर्ण प्रशिक्षण दिया।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य अचानक आने वाली आपदाओं में त्वरित राहत और बचाव कार्य के लिए लोगों को जागरूक करना था। एनडीआरएफ प्रशिक्षकों ने हार्ट अटैक, बाढ़ में डूबने, सड़क दुर्घटना और अन्य आपात स्थितियों में प्राथमिक उपचार और तत्काल कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही दुर्घटना के समय उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर जीवन बचाने की तकनीकों को भी रोचक ढंग से समझाया। प्रशिक्षण के दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, रासायनिक फैक्ट्रियों और अन्य जोखिम वाले स्थानों पर आपदा प्रबंधन योजनाओं के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
पढ़ें: अनुकंपा के आधार पर 5353 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र, सीएम नीतीश कुमार बोले- ईमानदारी से करें काम
कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, सांख्यिकी, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, जनसंपर्क कार्यालय, गृह रक्षा वाहिनी और स्थापना शाखा सहित कई विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। प्रशिक्षण का मुख्य लक्ष्य आपदा प्रबंधन योजनाओं को प्रभावी बनाना और आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना था। जिला प्रशासन ने इस प्रशिक्षण को आपदा प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। एनडीआरएफ की ओर से दी गई जानकारियों सेउपस्थित प्रतिभागियों ने लाभ उठाया और भविष्य में आपदाओं से निपटने के लिए बेहतर तैयारियों का भरोसा जताया।