बाजपुर क्षेत्र के बीस गांवों की भूमि सहित चार सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर सांकेतिक धरना दिया। कांग्रेसियों का कहना था कि बाजपुर क्षेत्र के बीस गांवों के किसानों की भूमि से जुड़ी समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। किसानों को उनकी भूमि पर मालिकाना हक और अन्य सुविधाओं को लेकर लगातार परेशान होना पड़ रहा है। इसके अलावा क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं पर भी प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर अपनी मांगों के समर्थन में धरना दिया। एसडीएम के मौजूद न होने पर कार्यकर्ताओं ने उनके पेशकार को चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा और जल्द कार्रवाई की मांग की।