टिहरी जिले के प्रतापनगर ब्लॉक में 8 जून 2026 को हुए केतन लाल हत्याकांड को लेकर पिछले आठ दिनों से धरने पर बैठे परिजनों और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को डीएम कार्यालय का घेराव किया। उन्होंने नाबालिग लड़की की डीएनए रिपोर्ट सार्वजनिक करने और हत्याकांड में शामिल सह आरोपियों की गिरफ्तारी समेत अन्य मांगें उठाईं। परिजनों ने डीएम कार्यालय में प्रवेश का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इससे नाराज लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वहीं धरने पर बैठ गए। दोपहर एक बजे तक प्रदर्शनकारी डीएम कार्यालय के बाहर धरने पर डटे हुए थे।