पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज रुड़की में जिला स्तरीय विज्ञान महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें जनपद के सभी छह विकासखंडों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर विज्ञान मॉडल, परियोजनाओं और नवाचारी गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता में आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज रुड़की ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विज्ञान ड्रामा में नेहरू राष्ट्रीय इंटर कॉलेज मंगलौर ने द्वितीय और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सहदेवपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग की विज्ञान प्रदर्शनी में कृत्रिम बुद्धिमत्ता में कपीश, स्वदेशी कृषि पद्धतियों में सानिया, गणितीय प्रतिरूपण में वंश कुमार, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता में शुभ्रा, हरित ऊर्जा में आर्य, ग्रामीण परिवर्तन में सानिया और आपदा प्रबंधन में नंदिनी कश्यप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता में हमरा, हरित ऊर्जा में इकरा, गणितीय प्रतिरूपण में उसी, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता में रमनदीप सिंह, स्वदेशी कृषि पद्धतियों में मोहम्मद अनस, ग्रामीण परिवर्तन में छाया और आपदा प्रबंधन में हिमांशी ने प्रथम स्थान हासिल किया। डायट प्राचार्य आकाश सारस्वत ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन और नवाचार की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा के प्रतिनिधि पंकज चंद्र रहे। उन्होंने कहा कि विज्ञान और तकनीक वर्तमान समय की जरूरत हैं। विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच विकसित कर अपने ज्ञान का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करना चाहिए।