नंदासैंण/आदिबदरी श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) पब्लिक स्कूल देवलकोट और आदिबदरी में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ हो गया है। देवलकोट में तीन दिवसीय और आदिबदरी में पांच दिवसीय खेल समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। देवलकोट में मुख्य अतिथि वीरेंद्र सिंह चौधरी, विशिष्ट अतिथि विपिन कुमार, पीटीए अध्यक्ष शिव सिंह नेगी और प्रधानाचार्य मुकेश कुंवर ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। अतिथियों ने कहा कि खेलकूद से विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास होने के साथ-साथ उनमें अनुशासन व टीम भावना की भावना प्रबल होती है। पहले दिन छात्रों ने मार्च पास्ट के जरिए अनुशासन का परिचय दिया, जिसके बाद चेयर रेस, शटल रेस और खो-खो प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस दौरान हरेन्द्र चौधरी, प्रेम गौड़ और ग्राम प्रधान विक्रम सिंह रावत समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।