शारदीय नवरात्र की अष्टमी के दिन देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के मंदिरों में सुबह से दोपहर तक भक्तों ने मां दुर्गा की पूजा कर सुख और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। कुछ मंदिरों में भंडारे का भी आयोजन कराया गया। नगर के चंडिका मंदिर में सुबह से ही भक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। नगर की महिलाओं ने मंदिर में भजन-कीर्तन किए। मां चंडिका को पूरी और चने का भोग लगाकर भक्तों में प्रसाद वितरण किया। मंदिर कमेटी के भुवन कांडपाल, पंकज पांडेय आदि ने बताया कि हर साल आश्विन और चैत्र नवरात्र पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। नगर के मां उल्का मंदिर, बागनाथ मंदिर परिसर में स्थित कालिका मंदिर, जजी परिसर के कालिका मंदिर, आरे के भगवती मंदिर, गरुड़ के कोट भ्रामरी मंदिर, कपकोट के भगवती मंदिर, छानी के कालिका मंदिर, कांडा के कालिक मंदिर समेत ग्रामीण अंचलों के छोटे-छोटे देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। दोपहर बाद तक मंदिरों में रौनक बनी रही।