वाराणसी। देव दीपावली पर्व पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने गंगा घाटों पर निगरानी बढ़ा दी है। इसी क्रम में भेलूपुर एसीपी गौरव कुमार और थानाध्यक्ष भेलूपुर दिगंबर उपाध्याय ने पुलिस बल के साथ अस्सी घाट से हरिश्चंद्र घाट तक नाव से गश्त की। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और नाविकों को सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने घाटों पर मौजूद नाविकों से बातचीत की। एसीपी गौरव कुमार ने निर्देश दिया कि नाव संचालन के दौरान नाविक स्वयं और सभी यात्रियों को अनिवार्य रूप से लाइफ जैकेट पहनाएं। नाव में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं और सुरक्षा नियमों का पालन करें। पुलिस अधिकारियों ने चेतसिंह घाट पहुंचकर देव दीपावली पर आयोजित होने वाले लेजर शो की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन स्थल पर भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के अन्य इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा तथा सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।