काशी में देव दीपावली का महापर्व मंगलवार को भव्यता और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। गंगा के 84 घाटों से लेकर वरुणा नदी के तट और शहर के कुंड-तालाबों तक असंख्य दीपों की रोशनी ने अद्भुत छटा बिखेरी। गंगा के दोनों तट दीपों से जगमगाते नजर आए। नमो घाट, दशाश्वमेध, अस्सी और ललिता घाट से उत्सव का नजारा लाइव प्रसारित किया गया। इस अलौकिक दृश्य को देखने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से पर्यटक और श्रद्धालु काशी पहुंचे। दशाश्वमेध घाट पर पहुंचे भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा ने कहा कि काशी की दिव्यता स्वर्ग जैसी है।