सुल्तानपुर में पयागीपुर के दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत नए मजदूर अड्डे की शुरुआत जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने की। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में दिहाड़ी मजदूर और श्रमिक पहुंचे। सीएमओ डॉ. भारत भूषण की देखरेख में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जहां श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच की गई। वहीं श्रम विभाग ने निर्माण एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के पंजीकरण के लिए कैंप लगाया। सप्ताहभर चलने वाले इस कैंप में जिला प्रशासन और श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहकर श्रमिकों की समस्याओं का समाधान करेंगे और उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाएंगे। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने कहा कि वह लगातार 7 दिनों तक प्रतिदिन सुबह 9 से 10 बजे तक मजदूर अड्डे पर बैठेंगे। इस दौरान श्रमिकों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के साथ पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा।