सुल्तानपुर में डीएम इंद्रजीत सिंह ने 100 बेड वाले बिरसिंहपुर अस्पताल का शनिवार दोपहर 3 बजे अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने अस्पताल की व्यवस्थाएं देखीं। इसे पूरी क्षमता के साथ चलाने के लिए जरूरी निर्देश दिए। उनके साथ सीएमओ भरत भूषण भी मौजूद थे। डीएम इंद्रजीत सिंह ने बताया कि यह 100 बेड का अस्पताल जिला मुख्यालय से काफी दूर है और एक अच्छी जगह बना है। उनका मुख्य मकसद है कि अखंड नगर, दोस्तपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों की जनता को प्रसव, इलाज और अन्य इमरजेंसी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूर न जाना पड़े। जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज दूर होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों के लिए यह अस्पताल बहुत जरूरी हो सकता है। डीएम ने बताया कि जिले में मातृ मृत्यु दर को कम करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम खास ध्यान दे रही है। इस दिशा में वार रूम बनाए गए हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य सचिव और राज्य सरकार स्तर पर लखनऊ में लगातार बातचीत हो रही है, ताकि अस्पताल की जरूरतों को जल्द से जल्द पूरा किया जा सके। डीएम ने भरोसा दिलाया कि बुनियादी ढांचे की कोई कमी नहीं है। मैनपावर और अन्य जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर करके इसे एक पूरे उप-जिला अस्पताल के रूप में चलाया जाएगा और जल्द ही बड़े बदलाव दिखेंगे। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले,इस दिशा में व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं।