संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए संविधान के प्रति निष्ठा और उसके मूल आदर्शों के पालन की शपथ दिलाई। इस दौरान जिलाधिकारी ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन करते हुए सभी को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास, धर्म एवं उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा एवं अवसर की समानता तथा व्यक्ति की गरिमा, राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प दिलाया। उन्होंने संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किए जाने के ऐतिहासिक महत्व को भी रेखांकित किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) खालिद अंजुम सहित कलेक्ट्रेट के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।