सीतापुर: दिवाली पर पटाखों की आतिशबाजी का उत्साह कई परिवारों के लिए परेशानी का सबब बन गया। पटाखों से निकली चिंगारी और धुएं ने लोगों की आंखों को नुकसान पहुंचाया। सीतापुर आंख अस्पताल में बीते तीन दिनों में ऐसे 115 मरीज पहुंचे, जिनकी आंखें आतिशबाजी के दौरान प्रभावित हुईं। इनमें 80 बच्चे हैं। किसी को आंखों में जलन हुई तो किसी को धुंधला दिखाई देने की शिकायत रही। जिला अस्पताल में भी करीब एक दर्जन लोग पटाखों से घायल होकर पहुंचे। आंख अस्पताल के सीएमओ डॉ. श्रीकांत वाइकर ने बताया कि पटाखे जलाते समय पॉलीकार्बोनेट ग्लास वाले सुरक्षा चश्मे का इस्तेमाल करना चाहिए। बच्चों को अभिभावकों की निगरानी में ही आतिशबाजी करनी चाहिए। पटाखों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना भी जरूरी है। आंख में चिंगारी जाने या धुंधलापन आने पर घरेलू उपचार के बजाय तत्काल विशेषज्ञ को दिखाना चाहिए।