सिधौली कस्बे में रेलवे स्टेशन के सामने गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। ड्यूटी पर जा रहे रेलवे के ट्रॉलीमैन प्रेमप्रकाश उर्फ पिंटू (32) की कार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। वह नरोत्तम नगर उत्तरी कस्बा सिधौली के निवासी थे। बताया जा रहा है कि पिंटू सुबह घर से निकलकर सड़क पार करते हुए रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार हाईवे किनारे डिवाइडर पर रखे पत्थर के कोने से टकरा गई। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर पिंटू को रौंदते हुए निकल गई। हादसे के बाद कार चालक ने वाहन रोक दिया। कार में एक परिवार के साथ महिलाएं और बच्चे भी सवार थे। घटनास्थल पर पत्थर के पास टायर घिसटने के निशान भी मिले हैं।