सीतापुर में सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कोतवाली नगर सीतापुर में जनसुनवाई की। इस दौरान अधिकारियों ने आमजन की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान राजस्व से जुड़े मामलों के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर विवादों का समाधान कराने को कहा। उन्होंने आपसी विवादों के मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने के साथ ही संवेदनशील प्रकरणों में नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से महिला संबंधी अपराधों, भूमि विवादों और अवैध कब्जों से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक मामले में न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा थाना समाधान दिवस के रजिस्टर में शिकायतों और उनके निस्तारण का पूरा विवरण दर्ज करने तथा सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर जनार्दन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।