गिरंट बाजार। हरदत्तनगर गिरंट क्षेत्र के दक्षिणी बलिदानपुरवा निवासी पूर्व प्रधान सुंदरलाल यादव ने गांव निवासी महिला पर बार-बार शिकायत कर परेशान करने का आरोप लगाया है। सुंदरलाल का आरोप है कि भूमि विवाद में उनका महिला से समझौता हो गया है फिर भी महिला उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र देकर उन्हें परेशान कर रही है। सुंदरलाल ने यह भी बताया कि उक्त प्रकरण न्यायालय में भी विचाराधीन है। सुंदरलाल यादव ने बताया कि उन्होंने लगभग 40 वर्ष पूर्व तीन बिसवा जमीन गांव निवासी महिला के ससुर के पिता से खरीदी थी। उक्त जमीन के दो बिसवा पर उन्होंने मकान व दुकान बनवाकर किराए पर दे दिया। बाद में महिला ने उक्त जमीन पर अपना दावा किया। विवाद शांत करवाने के लिए उन्होंने शेष बची एक बिसवा जमीन महिला को दे दी। सुंदरलाल ने यह भी दावा किया गिरंट मुख्य मार्ग पर स्थित करीब 15 बिसवा जमीन भी उन्होंने छोड़ दी, जबकि उस जमीन के लिए उन्होंने एक लाख 64 हजार रुपये दिए थे। बावजूद इसके महिला उन्हें परेशान करने के लिए बार-बार अधिकारियों को शिकायती पत्र दे रही है। सुंदरलाल ने बताया कि उक्त प्रकरण में पांच दिसंबर 2020 को महिला की सास के साथ ग्रामीणों की मौजूदगी में 50 रुपये के स्टांप पर समझौता भी किया था। समझौते में दोनों के बीच किसी प्रकार का विवाद या लेनदेन शेष नहीं होने की बात दर्ज की गई थी। सुंदरलाल ने यह भी दावा किया कि महिला जिस जमीन के लिए शिकायत कर रही है, उसका मामला दीवानी न्यायालय में भी विचाराधीन है। न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद अधिकारियों के समक्ष लगातार शिकायतें किए जाने से उन्हें मानसिक व आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।