श्रावस्ती में विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को जिले भर के लेखपालों ने संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार किया। लेखपाल तहसील परिसर में धरने पर बैठे रहे और प्रदर्शन कर अपनी आठ सूत्री मांग बुलंद की। प्रदर्शन के बाद तहसीलवार एसडीएम को मांग पत्र सौंपा। लेखपालों ने प्रदर्शन लगातार जारी रखने की चेतावनी दी है। इकौना तहसील परिसर में प्रदर्शन कर रहे तहसील अध्यक्ष मधु चंद्र सहाय, विक्रम सिंह, दिलीप कुमार यादव, प्रमोद कुमार मिश्रा, उदय प्रताप, प्रवेश सिंह, नितेश सिंह, ललिता, आरती शुक्ला आदि ने बताया कि हम सभी 10 वर्षों से 2800 ग्रेड पे व वेतन विसंगति दूर करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही आठ वर्षों से सिर्फ लेखपालों का अंतर मंडलीय स्थानांतरण नहीं किया गया है, जो गलत है। लेखपालों ने बताया कि इसके साथ ही बीते दो वर्षों से सिर्फ लेखपालों का पदोन्नति सूची जारी न होना, 16 वर्षों से सिर्फ लेखपाल के भत्ते में बढ़ोतरी न होना, परिशादेश के बाद भी पटल से लेखपालों का न हटाया जाना, प्रभारी राजस्व निरीक्षक से कार्यों से अवमुक्त ना करना, पांच वर्षों से उच्च तकनीकी कार्यों के निष्पादन के लिए लैपटॉप व मोबाइल उपलब्ध न कराना, ग्राम सचिवालय में बिना आधारभूत सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, भत्ता बढ़ोतरी के लेखपालों का शोषण करना ज्यादती है। जिसके चलते मजबूरन लेखपालों को आंदोलन करना पड़ रहा है। लेखपालों ने चेतावनी दी कि इस बार मांग पूरी होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा।