शाहजहांपुर के लाल इमली चौराहे के पास रविवार को पाइपलाइन फूटने से हजारों लीटर पानी सड़क पर बह गया। इससे सड़क पर जलभराव हो गया और राहगीरों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी भरने के कारण सड़क से वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया। देखते ही देखते यहां जाम की स्थिति बनने लगी। रविवार की सुबह पाइप लाइन फूटने से पानी बहने लगा। इससे एक ओर हजारों लीटर पानी बर्बाद हो गया, वहीं दूसरी ओर सड़क पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ। दोपहिया वाहन, ई-रिक्शे चालकों को सबसे अधिक दिक्कत हुई। कई वाहन चालक पानी से बचकर निकलने की कोशिश करते नजर आए। लोगों का कहना है कि पाइपलाइन की मरम्मत जल्द कराई जानी चाहिए, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और आवागमन सामान्य हो सके। संबंधित विभाग को इसकी सूचना दी जाएगी।