शाहजहांपुर की ओसीएफ रामलीला में सोमवार रात सीता स्वयंवर, धनुष यज्ञ और परशुराम-लक्ष्मण संवाद का भावपूर्ण मंचन किया गया। धनुष यज्ञ के बाद माता सीता ने श्रीराम को वरमाला पहनाई तो पूरा माहौल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। उधर, खिरनीबाग रामलीला में सोमवार को श्रीराम-सीता का मिलन, धनुष यज्ञ की लीला का मंचन किया गया। मंचन के दौरान जनकपुर बाजार को आकर्षक तरीके से सजाया गया। जनकपुर की अद्वितीय सुंदरता और जीवंतता को देख दर्शक भी उत्साह से भर गए। पुष्पवाटिका में माता सीता के गौरी पूजन का दृश्य अत्यंत मार्मिक रहा। गुरु विश्वामित्र के साथ श्रीराम और लक्ष्मण का रंगशाला में आगमन, रावण और बाणासुर संवाद, धनुष यज्ञ आदि का मंचन किया गया। सीताजी ने श्रीराम को विजय माला पहनाने का दृश्य भी प्रभावी रहा। मंचन का निर्देशन अनिल शर्मा, राकेश श्रीवास्तव और संजय सक्सेना ने किया। इससे पहले डाॅ.अनुराग अग्रवाल, मनोज कुमार सिंह , रामसागर पाल आदि ने देव स्वरूपों की आरती की।