शाहजहांपुर के पुवायां में एसडीएम सदानंद सरोज पर अधिवक्ता विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए तहसील बार एसोसिएशन ने तहसील के सभी न्यायालयों का बहिष्कार कर दिया। मंगलवार को हुई बैठक में अधिवक्ताओं ने एसडीएम पर अभद्र व्यवहार करने और अधिवक्ताओं के प्रति विरोधी मानसिकता से काम करने का आरोप लगाया। वकीलों ने कहा कि एसडीएम का तबादला होने तक तहसील के किसी भी न्यायालय में कार्य नहीं किया जाएगा। महामंत्री गौरव शुक्ला ने आरोप लगाया कि एसडीएम फोन नहीं उठाते और अधिवक्ताओं से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। इसके बाद वकीलों ने एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी भी की। उधर, एसडीएम सदानंद सरोज ने आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की ओर से उन पर, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों पर गलत मामलों में काम करने का दबाव बनाया जाता है। दबाव बनाने के लिए न्यायालयों के बहिष्कार का निर्णय लिया गया है।