कार्तिका पूर्णिमा व श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर शाश्वत शाखा चंदौसी भाविप की ओर से रामबाग रोड स्थित वृद्धाश्रम में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें भाविप की ओर से बुजुर्गों को भोजन कराया गया। साथ ही, वृद्धजनों को जरूरी समान का वितरण किया गया। इस दौरान समिति के सदस्यों के साथ बुजुर्गों ने भजन कीर्तन गाए। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने कहा कि भारत विकास परिषद का मुख्य उद्देश्य समाज में सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना को बढ़ावा देना है। जरूरतमंदों और बुजुर्गों की सेवा करना केवल हमारा सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि नैतिक और मानवीय कर्तव्य भी है। शाखा सचिव डॉ. दुर्गा टंडन ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा और सम्मान करने से आयु, विद्या और यश में वृद्धि होती है। जीवन की सच्ची सार्थकता केवल अपने लिए जीने में नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में स्नेह, संवेदना और खुशियों के पल जोड़ने में है। बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान करना, उनसे आत्मीयता रखना और उनकी सेवा करना हमारी संस्कृति और संस्कारों की पहचान है। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक अभिषेक गुप्ता, गिरींद्र अग्रवाल, पीयूष बंसल, मुकेश गुप्ता, दृगपाल सिंह सहित परिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।