रायबरेली में शहर के कैपरगंज मालखाना रोड निवासी शकुन गुप्ता (78) स्व. मनोहरलाल गुप्ता की शनिवार सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शकुन गुप्ता अपनी बहू शालिनी गुप्ता के साथ घर पर रह रही थीं। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर घटना की जांच की। इस दौरान शकुन की बेटी शालिनी उर्फ पप्पी ने आरोप लगाया कि उनकी भाभी मां को खाना नहीं देती थी। उनसे मिलने तक नहीं देती थी। जायदाद की खातिर उनकी मां की हत्या की गई है। वहीं भाभी ने आरोप लगाया कि कई दिन से सास शकुन भोजन नहीं कर रही थीं। बीमार चल रही थी। इसी वजह से उनकी मौत हुई है। इस दौरान एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप को लेकर ननद और भाभी समेत अन्य परिजनों के बीच आपस में ही कहासुनी होने लगी। पुलिस ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया। सीओ सदर आशीष निगम ने बताया कि बीमारी के चलते वृद्वाकी मौत की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वृद्वा की मौत की वजह सामने आएगी। घटना की गहनता से जांच कराई जा रही है।