रायबरेली में गणेश चतुर्थी को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। शहर से लेकर गांवों तक, हर ओर विघ्नहर्ता भगवान गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना के लिए पंडाल सजने लगे हैं। हालांकि, इस बार महंगाई का असर गणेश प्रतिमाओं की मांग पर भी दिखाई दे रहा है।शहर के राणा नगर में मूर्तिकार बजरंग मूर्तियों का ऑर्डर पूरा करने में व्यस्त हैं। इस वर्ष, महंगाई के कारण बड़ी प्रतिमाओं मांग में कमी आई है। खरीदार अब छोटी प्रतिमा को अधिक पसंद कर रहे हैं। छोटी प्रतिमा की कीमत 1500 से 2000 रुपये तक है, जबकि बड़ी प्रतिमा 3000 से 10000 रुपये तक में उपलब्ध हैं। लालगंज में भी गणेशोत्सव की तैयारियां चल रही हैं, जहां ढाई फीट से 10 फीट ऊंचाई तक की प्रतिमाएं तैयार की गई हैं। प्रदूषण से बचाव को ध्यान में रखते हुए, इस बार भी रसायन मुक्त मिट्टी से प्रतिमाओं का निर्माण किया जा रहा है। यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों जैसे छोटी बाजार, चंदापुर कोठी, सत्य नगर, नेहरू नगर में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के लिए पंडाल सजाए गए हैं। ऊंचाहार, सलोन, बछरावां, राही, डलमऊ और गदागंज जैसे कस्बों में भी गणेश उत्सव की तैयारियां की गई हैं। प्रशासन ने भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं और भीड़भाड़ न करने की हिदायत दी गई है। सीओ सिटी आशीष निगम का कहना है कि गणेश उत्सव में किसी तरह की बाधा न पहुंचे, इसके लिए सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। पंडालों में विशेष सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं।