मथुरा में युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में बुधवार को राजीव भवन में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के अंतर्गत पीपीटी राउंड चैंपियनशिप का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में जनपद के चयनित युवा प्रतिभागियों ने विकसित भारत की परिकल्पना से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने विचार, नवाचार और सुझाव प्रस्तुत किए। इसमें तन्वी को पहला स्थान मिला है। युवाओं ने विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका और भविष्य की योजनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। डॉ. शालिनी, डॉ. दीन दयाल और डॉ. नीतू सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतिभागियों के प्रस्तुतीकरण और मूल्यांकन मानकों के आधार पर तन्वी सारस्वत ने प्रथम समूह में पहला स्थान प्राप्त किया। द्वितीय समूह में कुणाल वर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के दौरान स्वीप के अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान का भी प्रचार-प्रसार किया गया। उपस्थित युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। स्व-जनगणना के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और नवाचारपूर्ण विचारों को प्रस्तुत करने का अवसर मिला। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रवि बाबू शर्मा कार्यक्रम प्रभारी रहे। आयोजन में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी स्वाति पाण्डेय और अर्जुन कंसाना तथा कनिष्ठ सहायक राहुल कुलश्रेष्ठ का विशेष सहयोग रहा। प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी आगामी चरण में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।