मथुरा में श्री किशोरी रमन वार्ष्णेय स्मृति जिला क्रिकेट लीग में प्लेनम स्पोर्ट्स अकादमी ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की। वृंदावन क्रिकेट अकादमी के मैदान पर खेले गए मुकाबले में प्लेनम ने वृंदावन क्रिकेट अकादमी को 95 रन से हराया। जिला क्रिकेट संघ सचिव कमल चावला ने बताया कि टॉस जीतकर वृंदावन अकादमी ने पहले गेंदबाजी चुनी। प्लेनम ने निर्धारित 30 ओवर में आठ विकेट पर 246 रन बनाए। कप्तान हिमांशु अग्रवाल ने 82 और अमित पचेरा ने 51 रन की पारी खेली। दीपांशु अत्रि और राज चौहान ने 28-28 रन बनाए। वृंदावन की ओर से उदय वैष्णव ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वृंदावन की टीम 22.5 ओवर में 151 रन पर सिमट गई। अंशुल शर्मा ने 49 और मनमोहन तोमर ने 26 रन बनाए। प्लेनम की ओर से दीपांशु अत्रि ने चार, प्रियांशु चौधरी ने तीन और पवन शर्मा ने दो विकेट लिए। 82 रन की पारी खेलने वाले हिमांशु अग्रवाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अंपायर अनिल आहूजा और कमल तेजवानी रहे, जबकि स्कोरिंग गौरव जादौन ने की। इस दौरान जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष आशुतोष दीक्षित और अशोक कैंथवास मौजूद रहे।