मथुरा के थाना रिफाइनरी पुलिस ने खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का अधिकारी बताकर लोगों पर रौब जमाने और ठगी करने के आरोप में सचिन शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से कस्बा फरह का रहने वाला है। वह खुद को ईडी का अधिकारी बताकर लोगों को प्रभावित करता था और फेसबुक पर भी इसका प्रचार-प्रसार कर रहा था। शिकायतों और तथ्यों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसके बाद सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी का फर्जी आईडी कार्ड, एक फॉक्स गाड़ी, दो आधार कार्ड तथा कई एटीएम और क्रेडिट कार्ड बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना रिफाइनरी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि आरोपी ने ईडी अधिकारी बनकर कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है, इसकी जांच की जा रही है। विवेचना में वैज्ञानिक साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और लोकेशन की मदद ली जाएगी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।