बलदेव। बलदेव में रीढ़ा तिराहे पर मां दुर्गा भक्त मंडल के तत्वावधान में आयोजित 13वें शारदीय नवरात्र महोत्सव में रविवार को मां भगवती की स्थापना से पूर्व भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे व मां की झांकी के दर्शनो में जयकारों से श्रद्धालुओं का उत्साह व जोश देखते बन रहा था। 251 महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भजन संकीर्तन करते हुए चल रही थी। बैंड-बाजे की धुन पर मातृशक्ति नृत्य कर मां की भक्ति में नजर आई। कलश यात्रा प्रमुख मार्गों से होकर निकली। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया । मां काली की झांकी स्वरुप रौद्र स्वरूप में प्रदर्शन करते हुए आगे चल रही थीं। लांगुराओं ने तलवारबाजी व फनर से आकर्षक करतब दिखाए। बग्गी में मां भगवती की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रही। कलश यात्रा समापन पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां भगवती की स्थापना हुई । इस दौरान अध्यक्ष बांके बिहारी पांडेय, राकेश गोयल, अमित भारद्वाज, योगेश अग्रवाल, राजकुमार सोनी, कपिल शर्मा, दिनेश अग्रवाल, महेश पांडेय, बंटी गोयल, हेमू परमार, नीतू पांडेय, पुष्पेंद्र शर्मा, नीतू पांडेय, शिवम पांडेय, दाता, डेनी आदि थे ।