मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रास्ते में भी मनोरंजन के खूब मौके रहे। भूतेश्वर रोड स्थित बीएसए कॉलेज के सामने भंडारे के दौरान गोरिल्ला और भालू की पोशाक पहने दो लोगों ने लोगों का ध्यान खींच लिया। उन्हें देखते ही राहगीर रुकने लगे। कुछ देर के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई। एक निजी संस्था की ओर से यहां भंडारे का आयोजन किया गया था। इसी दौरान गोरिल्ला और भालू की पोशाक पहने दो लोग वहां पहुंचे। दोनों को देखकर श्रद्धालुओं और राहगीरों में उत्सुकता बढ़ गई। युवा उनके साथ फोटो खिंचाने के लिए आगे आने लगे। कुछ लोग मोबाइल से तस्वीरें लेते नजर आए। दोनों कलाकार कुछ-कुछ देर बाद सड़क पर आते रहे। उनके आते ही लोगों में फिर उत्साह दिखाई दिया। युवाओं में उनके साथ फोटो खिंचाने की होड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने भी इस अनोखे दृश्य का आनंद लिया। जन्माष्टमी पर मंदिरों में दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ के बीच यह नजारा लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।