श्रीकृष्ण महोत्सव के तहत आयोजित कंस वध मेले में इस बार एक झांकी ने खासा ध्यान खींचा। माथुर चतुर्वेद परिषद की ओर से सजाई गई झांकी में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को कंस के रूप में दर्शाया गया। पोस्टर में भगवान श्रीकृष्ण उन्हें गर्दन पकड़कर पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह झांकी मेले में चर्चा का विषय बनी रही। दरअसल, मध्यप्रदेश के शिवपुरी में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद मथुरा के संतों और श्रीकृष्ण भक्तों ने नाराजगी जताते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की थी। बढ़ते विवाद के बीच धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर सफाई दी थी कि उनकी बात का गलत अर्थ निकाला गया है। माथुर चतुर्वेद परिषद के अध्यक्ष राजन पाठक ने कहा कि हमारे आराध्य भगवान श्रीकृष्ण के बारे में अपशब्द कहने वालों को यह नहीं समझना चाहिए कि केवल माफी मांगकर वे बच जाएंगे।