मथुरा में उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी संघ के प्रांतीय/प्रदेशीय संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर निगम परिसर में आवाज बुलंद की। संघ के नेता हेमंत वाल्मीकि ने बताया कि निकाय में 540 सफाई कर्मचारियों को प्रशिक्षण के आधार पर 15 दिन के लिए बुलाया गया था। इसके बाद 15 दिन का आश्वासन देकर उन्हें काम से बिठा दिया गया। पिछले ढाई महीनों से कर्मचारी लगातार नगर निगम के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ आगे की तारीखें दी जा रही हैं। कर्मचारियों के बढ़ते आक्रोश के बीच 22 तारीख की वार्ता के बाद 25 तारीख को पुनः वार्ता हुई। संघ नेताओं ने बताया कि अध्यक्ष परिवर्तन के बाद अधिकारियों से सकारात्मक बातचीत हुई है। निर्णय लिया गया है कि पूरी रिपोर्ट बनाकर नगर आयुक्त को सौंपी जाएगी। वहां से अनुमोदन मिलने के बाद प्रस्ताव सीधे डूडा विभाग को भेजा जाएगा।