बेवर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक राजमिस्त्री का शव गांव टिकुरी बरहन के पास पड़ा मिला। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण का जांच के लिए नमूने एकत्र किए। मृतक की पहचान 50 वर्षीय जय किशन निवासी गांव ललूपुर सदर कोतवाली के रूप में हुई। मृतक की पत्नी दीपमाला ने आरोप लगाया कि ठेकेदार मनमानी से काम करा रहा था, झगड़े वाली जगह पर पति को भेजता था। उनके कई बार मना करने के बाद भी पति ठेकेदार के साथ बेवर में पुलिया निर्माण के काम पर गए थे। पति की हत्या की गई है। सीओ भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी ने बताया शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता लग सकेगा। इसके बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।