मैनपुरी की टीचर्स कालोनी में तीन अक्तूबर को दिनदहाड़े महिला से चेन लूट की घटना को अंजाम देने वाले एक लुटेरे को पुलिस ने बुधवार देर रात एलाऊ क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, बाइक व नकदी आदि बरामद हुई। पुलिस उसके दो साथियों की तलाश कर रही है। एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि तीन अक्तूबर को कोतवाली क्षेत्र में टीचर्स कालोनी की रहने वाली जय कुमार की पत्नी रेनू शाम को अपनी मामी के घर आवास विकास काॅलोनी से घर जा रही थीं, तभी बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन तोड़कर भाग गए थे। पुलिस की टीमें लुटेरों की तलाश कर रही थीं, मंगलवार देर रात एलाऊ थाना पुलिस ने भरतपुर तिराहा किशनी रोड पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोका। पुलिस के रोकने पर बाइक सवार भागने लगे। पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जबाव में पुलिस ने घेराबंदी कर फायरिंग की। एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पूछताछ करने पर अपना नाम अबरार निवासी मोहल्ला लुदपुरा थाना जसवंतनगर जनपद इटावा बताया। उसने टीचर्स कालोनी की रहने वाली महिला से लूट की घटना कबूल की। अपने दोनों साथियों के नाम भी बताए। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। पकड़े गए बदमाश के कब्जे से तमंचा कारतूस, वारदात में प्रयुक्त बाइक व निशानदेही पर एक अन्य बाइक बरामद की गई है। कुछ नकदी भी मिली है।