लखीमपुर खीरी में शाम के छह बजते ही सायरन बजा और देखते ही देखते शहर के शहीद नसीरुद्दीन मेमोरियल मैदान में ब्लैकआउट हो गया। चारों ओर अंधेरा छा गया। अचानक हमले की स्थिति का दृश्य तैयार किया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभालते हुए नागरिकों को सुरक्षित निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया। रविवार को आयोजित मॉक ड्रिल में आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखा गया। अभ्यास के दौरान एयर रेड अलर्ट जारी होने, बिजली बंद करने, सुरक्षित स्थानों पर लोगों को पहुंचाने और राहत-बचाव अभियान चलाने का प्रदर्शन किया गया। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, पीएसी, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न एजेंसियों ने समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था भी परखी गई। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपात परिस्थितियों में सभी विभागों की तत्परता और आपसी समन्वय को परखना है। इससे व्यवस्थाओं में कमियों की पहचान कर उन्हें समय रहते दुरुस्त किया जा सकेगा। एसडीएम तनवीर अहमद ने बताया कि अभ्यास के जरिए नागरिक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और लोगों को आपदा के समय सतर्कता बरतने के प्रति जागरूक करना भी उद्देश्य है।