मरहबा... या रसूलल्लाह की सदाओं से गूंजा कसया, आकर्षक झांकियों के साथ निकला जुलूस कसया (कुशीनगर)। ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को कसया नगर में अकीदतमंदों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के यौमे पैदाइश की खुशियां मनाईं। इस अवसर पर नगर में भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में काबा, मक्का-मदीना समेत विभिन्न धार्मिक स्थलों की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। इस दौरान मरहबा... मरहबा... या रसूलल्लाह की सदाओं से पूरा नगर गूंजता रहा। नगर क्षेत्र के करीब 20 गांवों और मदरसों से छात्र-छात्राएं, शिक्षक और बड़ी संख्या में अकीदतमंद जुलूस में शामिल हुए। सुबह मदरसों से निकले लोग कतारबद्ध होकर नातिया कलाम और कुरान की आयतों का पाठ करते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरे। दोपहर बाद अलग-अलग गांवों से आकर्षक झांकियों के साथ जुलूस निकाला गया।