गंगा उफान पर हैं। ऐसे में बहाव भी काफी तेज है लेकिन नवीन गंगापुल से स्टंटबाजी करने वाले युवक अपनी जान जोखिम में डाल कर पुल की रेलिंग पर चढ़ कर गंगा में छलांग लगा रहे है। जिन्हें देखने के लिए पुल मार्ग पर भीड़ लग रही है। ऐसे में जाम की स्थिति भी बन रही है। नवीन गंगापुल के बालू घाट और आनंद घाट छोर पर पुल की रेलिंग पर चढ़ कर युवा स्टंट करते हुए गंगा नदी में छलांग लगाते हुए अपने वीडियो बना रहे है। वीडियो बनाने की ऐसी होड़ मची हुई है कि युवा अपनी जान की परवाह भी नहीं कर रहे है, बता दे कि जिस जगह पर युवक स्टंटबाजी करते देखे जा रहे है वहां कई स्थानों पर गहराई में पत्थर के बोल्डर पड़े है ऐसे में छलांग लगाते समय उनका सिर बोल्डर से टकरा सकता है। घाट पर मौजूद रहने वाले पंडों ने बताया कि पुलिस न होने के कारण युवा मनमानी करते है रोकने के बावजूद स्टंटबाजी कर रहे है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि घाटों के आस-पास पुलिस तैनात कराई जाएगी। वहीं इस कारण पुल पर जाम भी लगता है।