मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को अनोखी पहल देखने को मिली। कंपोजिट विद्यालय नरवल की कक्षा 7 की छात्रा जानवी को एक दिन के लिए उपजिलाधिकारी बनाया गया। प्रतीकात्मक रूप से एसडीएम की कुर्सी संभालते हुए जानवी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आदेशित किया। इस दौरान उसके आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता की सभी ने सराहना की। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नरवल सत्यपाल प्रजापति, तहसीलदार शालिनी सिंह, नायब तहसीलदार शिखा शुक्ला और शिक्षिका मंजू चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।