मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में शनिवार को शहर में कांग्रेस, सपा और अन्य संगठनों ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव जगदीश चंद जांगिड़ के नेतृत्व में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं गोविंदनगर में वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च निकालकर चुनाव आयुक्त को बर्खास्त करने की मांग की। सीटीआई चौराहे से निकले मार्च में बेरोजगारी, महंगाई और वोट चोरी का आरोप लगा नारेबाजी की। शास्त्री चौक पर कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंकने की कोशिश की लेकिन आग लगते ही पुलिस ने उसे छीन लिया। छीना-झपटी में पुतला टूट गया। कुछ देर बाद लाया गया दूसरा पुतला भी पुलिस ने छीन लिया। प्रदर्शनकारियों ने रतनलाल नगर में संविधान के अनुच्छेद 326 का सामूहिक पाठ किया। प्रदर्शन में आलोक मिश्रा, प्रतिभा पाल, नरेश त्रिपाठी, टिल्लू ठाकुर, जेपी पाल आदि शामिल रहे। वहीं दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर पुलिस अलर्ट रही। एसएफआई के जिला सचिव आराध्य बाजपेई को उनके समर्थकों के साथ हाउस अरेस्ट किया गया। सपा नेता प्रवीण सिंह बंटी यादव को भी शुक्रवार की देर रात उनके आवास पर नजरबंद किया गया। उधर पुलिस ने हाईवे और सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ट्रेन में जांच के दौरान दूसरे प्रदेशों से आ रहे पांच युवकों को हिरासत में लिया गया, जिन्हें परिजनों से बातचीत के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि जिले में पुलिस को अलर्ट मोड में रहने के लिए कहा गया है। संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश हैं।