दीपावली के दीये जब दादा मियां चौराहे पर एक साथ जगमगाते हैं तो उनकी रोशनी के साथ गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे का संदेश भी दूर तक पहुंचता है। शहर का यह चौराहा वर्षों से हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल पेश करता आ रहा है। इस बार भी दोनों समुदायों के लोग मिलकर रोशनी का पर्व मनाने की तैयारियों में जुटे हैं। घरों को झालरों से सजाया जा रहा है और दीपमाला के लिए दीये खरीदे जा रहे हैं। डॉ. मुस्तफा तारिक ने बताया कि इस परंपरा की शुरुआत रामबालक, मुंशीराम, इदरीस अहमद और अब्दुल अजीज ने की थी, जिसे आज भी आगे बढ़ाया जा रहा है। मुंशीराम के बेटे विजय भाटिया विदेश में रहते हैं, लेकिन हर साल दीपावली पर आने की कोशिश करते हैं। हालांकि, इस बार वह नहीं आ सके। उन्होंने कहा कि यहां जलने वाले दीये इंसानियत और भाईचारे का संदेश देते हैं। स्थानीय निवासी मो. ओसामा शाहिद ने कहा कि इलाके में हर त्योहार मिलकर मनाने की पुरानी परंपरा है। दीपावली केवल रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का भी अवसर है। पम्मी ने बताया कि यहां त्योहारों पर भेदभाव की कोई जगह नहीं है। सभी लोग एक-दूसरे के घर जाकर मिठाइयां देते हैं और खुशियों में शामिल होते हैं। हाजी अब्दुल हई ने कहा कि आपसी प्रेम और सद्भाव ही देश की असली ताकत है। वहीं, कपड़ा कमेटी के अध्यक्ष वसी बाबा ने बताया कि त्योहार पर बाजार में भी रौनक है। सभी वर्गों के लोग मिलकर खरीदारी कर रहे हैं और एक-दूसरे के कारोबार को समर्थन दे रहे हैं। यह चौराहा हमेशा से मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम देता आया है। इस बार भी दीपावली हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाई जाएगी।