आस्था का महापर्व छठ 13 नवंबर से शुरू होने जा रहा है, लेकिन शहर के घाटों पर अब तक साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी नहीं हो सकी है। पनकी नहर स्थित छठ पूजा घाट पर भी बदहाली का आलम है। कहीं नहर के पानी में खड़े होकर अर्घ्य देने वाली जगह पर भगवान की मूर्तियां पड़ी हैं तो कहीं कूड़े और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। छठ पर्व को लेकर नगर निगम की तैयारियां आधी अधूरी ही पड़ी हुई है। बीते 10 नवंबर को नगर आयुक्त ने घाट का निरीक्षण कर नहर किनारे पड़े कूड़े और पानी में फैली गंदगी को तत्काल साफ कराने का आश्वासन छठ पूजा घाट समिति के सदस्यों को दिया था, लेकिन सफाई तो दूर आज घाट पर नगर निगम सफाई कर्मी झाड़ू लगाने तक नहीं आए। आपको बता दें कि छठ पर्व पर हजारों व्रती महिलाओं के साथ लाखों श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देते हैं। ऐसे में पर्व की शुरुआत से पहले घाट की सफाई पूरी न होना श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ा सकता है।