एटा के कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के एटा कायमगंज रोड पर डीएवी मैदान के पास बुधवार रात करीब यूपी डायल 112 की पीआरवी अनियंत्रित होकर दुकानों के बाहर बने नाले में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की सहायता से पीआरवी को नाले से बाहर निकलवाया। प्रत्यक्षदर्शी गोपाल सिंह राठौर के मुताबिक पीआरवी तेज गति से आ रही थी और अचानक अनियंत्रित होकर दुकानों के बाहर बने नाले में जा घुसी। हादसे में पीआरवी का अगला टायर तक फट गया। उन्होंने बताया कि वह रास्ते से आ रहे थे और यदि पीआरवी उनकी ओर आती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।