चंदौली जिले में नियामताबाद विकासखंड के दुलहीपुर क्षेत्र में बुधवार को मुस्लिम समुदाय द्वारा ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का पर्व पूरी अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। इस्लाम धर्म के अंतिम पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश (जन्मदिन) के अवसर पर क्षेत्र में एक विशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने शिरकत की। जुलूस का शुभारंभ मुजफ्फरपुर मस्जिद से हुआ। इस दौरान पैगंबर साहब द्वारा दी गई शिक्षाओं, उनके उपदेशों तथा उनके दिखाए गए करुणा, दया, प्रेम और आपसी भाईचारे के मार्ग को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पैगंबर मोहम्मद साहब का जीवन पूरी मानवता के लिए शांति और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व का संदेश देता है। आयोजन के दौरान क्षेत्र में काफी चहल-पहल रही और माहौल पूरी तरह रूहानी बना रहा। इस दौरान इमरान खान, ईशा खान, हैदर अली, तबरेज खान, इब्राहिम, सैफ अली, जमशेद खान, मकबूल अली, कैफ अली और दिलशाद सहित क्षेत्र के कई प्रमुख लोग व ग्रामीण मुख्य रूप से मौजूद रहे।