रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद उप्र के आह्वान पर शुक्रवार को परिवहन निगम के बदायूं डिपो में कर्मचारियों की सभा आयोजित हुई। सभा की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष असद कदीर खां ने की। इसमें ट्रैफिक, स्टेशन, कार्यशाला शाखा के संविदा चालक-परिचालक एवं आउटसोर्स कर्मचारियों ने भाग लिया। सभा में कर्मचारियों ने पारिश्रमिक में वृद्धि, चरणबद्ध नियमितीकरण, भविष्य व सामाजिक सुरक्षा तथा नियमित कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की। साथ ही राष्ट्रीयकृत मार्गों पर निजी बसों के संगठित व अनधिकृत संचालन, छोटी गाड़ियों की ओर से की जा रही डग्गामारी और हाई-एंड निजी बसों की ओर से परमिट की शर्तों के उल्लंघन से निगम को हो रही आर्थिक चोट का विरोध किया गया। अतिरिक्त कर (यात्री-कर) की दरों में विद्यमान असमानता को दूर करने और निराकरण की भी मांग उठी। सभा में परिषद ने 30 अक्टूबर 2026 को प्रेषित नोटिस में घोषित आंदोलनात्मक कार्यक्रम व नोटिस के साथ संलग्न मांग-पत्र का पूर्ण समर्थन किया गया। सभा ने मुख्यमंत्री की ओर से पिछले वर्ष बजट में परिवहन निगम को दी गई आर्थिक सहायता के लिए धन्यवाद दिया। सभा ने शासन और निगम प्रबंधन से मांग की कि 30 अक्टूबर के मांग-पत्र की मांगों पर 15 दिसंबर तक संतोषजनक निर्णय लिया जाए। चेतावनी दी गई कि ऐसा न हुआ तो डिपो के कर्मचारी 16 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित क्षेत्र स्तरीय धरना-प्रदर्शन रैली में भारी संख्या में भाग लेंगे।