बदायूं में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस परेड ग्राउंड में ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। मॉकड्रिल के दौरान विभिन्न विभागों ने आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया। जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देश पर उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा / नगर मजिस्ट्रेट सुमित सिंह के नेतृत्व में आयोजित मॉकड्रिल में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, अग्निशमन, विद्युत, आपदा मित्रों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। मॉकड्रिल के दौरान सायरन बजाकर ब्लैकआउट की प्रक्रिया, संचार व्यवस्था, सुरक्षित निकासी, भीड़ नियंत्रण एवं प्राथमिक उपचार जैसी व्यवस्थाओं का अभ्यास किया गया। इसके साथ ही एंबुलेंस, मेडिकल टीम एवं अग्निशमन विभाग की तत्परता भी परखी गई। नगर मजिस्ट्रेट सुमित सिंह ने कहा कि मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों की कार्यक्षमता, तत्परता एवं आपसी समन्वय को परखना तथा आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाना रहा, जिससे वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में जनसुरक्षा सुनिश्चित करते हुए राहत एवं बचाव कार्य समयबद्ध ढंग से संचालित किए जा सकें।