नहटौर से भाजपा विधायक ओमकुमार की सदस्यता हाईकोर्ट ने रद्द कर दी है। शपथपत्र में गलत जानकारी देने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। ओमकुमार एक बार बसपा से और दो बार भाजपा से विधायक बने। बिजनौर जिले की नहटौर सीट से 2022 में तीसरी बार विधायक बने ओम कुमार का राजनीतिक सफर बहुजन समाज पार्टी से शुरू हुआ था। बिजनौर के गांव माहेश्वरी जट निवासी ओम कुमार पुत्र कल्लू सिंह ने वर्ष 2008 में सामाजिक कार्यों के माध्यम से क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाई थी। 2009 में उन्होंने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी ने उन्हें नहटौर विधानसभा क्षेत्र का कोऑर्डिनेटर बनाया और 2012 में नहटौर (सुरक्षित) सीट से प्रत्याशी बनाया। अपने पहले चुनाव में उन्होंने समाजवादी पार्टी के राजकुमार राजू को 19 हजार 398 वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी।