बहराइच में कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज में शनिवार को एक वयस्क बाघ का शव हसुलिया पुल के नीचे सरयू नहर में उतराता मिला। गश्त के दौरान वनकर्मियों ने बाघ के शव को पानी में उतराते देख उच्चाधिकारियों को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर बाघ के शव को पानी से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया है। अभी मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। मोतीपुर रेंज के वनकर्मी शनिवार सुबह प्रतिदिन की तरह गश्त कर रहे थे तभी उन्हें हसुलिया पुल के नीचे सरयू नहर में बाघ का शव उतराता दिखा। इससे गश्ती टीम के वनकर्मी सकते में आ गए। वनकर्मियों ने तत्काल घटना की सूचना रेंज कार्यालय को दी इस पर रेंजर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में डीएफओ अपूर्व दीक्षित भी आ गए। डीएफओ की मौजूदगी में फोटो ग्राफी और वीडियोग्राफी के बाद बाघ के शव को नहर से निकलवाया गया। डीएफओ ने बताया कि शव को देखने से लग रहा है कि बाघ वयस्क है। अभी बाघ की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। उसके शव को कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है। तीन डॉक्टरों का पैनल पोस्टमार्टम करेगा। इसके बाद ही पता चल सकेगा कि बाघ की मौत किस वजह से हुई है। डीएफओ ने कहा कि वन विभाग ने बीमारी, चोट, डूबने समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की फिलहाल जांच शुरू कर दी है।