अयोध्या के रुदौली नवीन मंडी में सब्जी और फल की खरीद-बिक्री करने वाले व्यापारियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। फुटकर व्यापारियों का आरोप है कि थोक व्यापारी सामान खरीदने पर उन्हें बिल नहीं देते हैं। फुटकर व्यापारी संतोष ने बताया कि उन्होंने खुलासा से एक बोरी आलू खरीदा, लेकिन थोक व्यापारी ने बिल नहीं दिया। त्रिभुवन यादव बैहारी, सूरज परसौली, कृपादीन और मोहम्मद शगीर ने भी थोक व्यापारियों द्वारा बिल नहीं दिए जाने की बात कही। मोहम्मद इब्राहिम और मोहम्मद ने बताया कि मंडी में शुद्ध पेयजल तक की व्यवस्था नहीं है। हैंडपंप और वाटर कूलर कई महीनों से खराब हैं। नालियां भरी पड़ी हैं और गंदा पानी सड़कों पर बहता है। शौचालयों की स्थिति भी खराब है। बारिश के दिनों में सड़कों पर पानी भर जाता है। सफाई को लेकर कई बार शिकायत के बावजूद समस्या बनी हुई है। मंडी सचिव इंद्र भद्र सिंह ने बताया कि सड़क, हैंडपंप और शौचालय ठीक कराने के लिए पत्र भेजा गया है। जल्द व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी। जो थोक व्यापारी फुटकर व्यवसायियों को बिल नहीं देते हैं, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा।