अयोध्या। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र में आठ दिन से लापता तीन वर्षीय मासूम का क्षत-विक्षत शव बृहस्पतिवार को घर के समीप बाग की झाड़ियों में मिलने से सनसनी फैल गई। शव कई टुकड़ों में था। सिर और धड़ अलग-अलग पड़े मिले, जबकि हाथ-पैर गायब थे। इनायतनगर थाना क्षेत्र के सहुलारा गांव निवासी शोभनाथ उर्फ रोहित का पुत्र सुधांशु उर्फ कल्लू 29 अक्तूबर को घर के सामने खेलते समय लापता हो गया था। मां की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की थी। बृहस्पतिवार को एक पेड़ से बंधे गोवंश के रस्सी तोड़कर भागने पर उसके पीछे गए पशुपालक ने झाड़ियों में शव देखा। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव के अवशेष एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। परिजनों ने गांव की ही एक लड़की पर बच्चे को साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि घटना के दिन ही पुलिस को इसकी जानकारी दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। सूचना पर सांसद अवधेश प्रसाद थाने पहुंचे। उन्होंने मृतक मासूम की मां को ढांढ़स बंधाया और प्रभारी निरीक्षक से घटना की जानकारी लेकर जल्द खुलासा करने को कहा।