फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: हिंसक जानवर की दहाड़ से तीन दिन से सहमा कलापुर, खेत में मिले खून के निशान और बाल

अयोध्या में रुदौली गोमती नदी के किनारे बसे कलापुर गांव में पिछले तीन दिनों से हिंसक जानवर की मौजूदगी की आशंका से ग्रामीण डरे और सहमे हैं। शनिवार भोर में ग्रामीणों ने तेज दहाड़ सुनने के साथ दो जानवरों के बीच करीब पांच मिनट तक लड़ाई होने की बात कही। इसके बाद खेत के पास खून की बूंदें, टूटा नाखून और बाल मिलने से ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गांव के आसपास कौन सा जंगली जानवर मौजूद है। भोर में सुनाई दी तेज दहाड़, डरकर छिप गए ग्रामीण ग्रामीण राजबहादुर यादव ने बताया कि शनिवार भोर में तीन बार तेज दहाड़ सुनाई दी। उनके बड़े भाई रामकिशोर घर से कुछ दूरी पर खेत में सो रहे थे। पेशाब करने के लिए उठे तो उन्हें भी काफी तेज दहाड़ सुनाई दी। डर के कारण वह छिपकर बैठ गए। इस दौरान दो जानवरों के बीच करीब पांच मिनट तक लड़ाई की आवाज सुनाई देती रही। इसके बाद जानवर जंगल की तरफ भाग गए। सुबह ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो खेत से करीब 50 मीटर की दूरी पर खून की बूंदें, टूटा नाखून और बाल मिले। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना पर वन विभाग के दरोगा हृदयराम, पवन कुमार और पप्पू मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। ग्रामीणों का आरोप, जंगल में नहीं हुई कांबिंग ग्रामीण अंकित पाल, अजय, घनश्याम, राम प्रसाद और भोला गुप्ता का आरोप है कि वन विभाग की टीम को बाल, नाखून और खेत में मिले पंजों के निशान दिखाए गए, लेकिन जंगल में जाकर जांच नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि घटना के बाद से कोई वनकर्मी गांव नहीं आया और जंगल में कांबिंग भी नहीं की गई। पंजों के निशान का कोई नमूना नहीं लिए जाने का भी ग्रामीणों ने आरोप लगाया। ग्रामीणों के मुताबिक वन विभाग की टीम कुछ गोले देकर गई है और शाम के समय एक-एक गोला दागने की बात कही गई है, जिससे जानवर जंगल की ओर चला जाए। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही लोग घरों से बाहर निकलने और जंगल की ओर जाने से डर रहे हैं। शाम को जंगल की ओर न जाने की हिदायत ग्रामीणों को एहतियात के तौर पर शाम के समय जंगल की ओर नहीं जाने के लिए कहा गया है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी चिंता है कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आखिर जंगल में कौन सा जानवर मौजूद है। जानवर की पहचान होने तक ग्रामीण सतर्क हैं। जांच टीम भेजी गई है : क्षेत्राधिकारी वन विभाग के क्षेत्राधिकारी जेपी गुप्ता ने बताया कि हिंसक जानवर की सूचना मिलने पर कलापुर गांव में जांच टीम भेजी गई थी। मामले की जांच की जा रही है। जानवर की अभी पहचान नहीं हो सकी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें